देहरादून। राजधानी में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार को एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल स्वयं अपनी टीम के साथ शहर के प्रमुख चौराहों पर पहुंचे और दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी (पिलियन राइडर) के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य बताते हुए लोगों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
अभियान के दौरान एसएसपी ने स्वयं वाहन चालकों को रोककर हेलमेट के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाने वाले व्यक्ति के साथ पीछे बैठी सवारी के लिए भी हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। जिन पिलियन राइडर्स के पास हेलमेट नहीं था, उन्हें पुलिस की ओर से हेलमेट वितरित किए गए।

वहीं, जिन वाहन चालकों और पीछे बैठी सवारियों ने हेलमेट पहन रखा था, उन्हें एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया। पुलिस अधिकारियों ने उनके जागरूक व्यवहार की सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी उनका अनुसरण करने की अपील की।
चालान से बचने के लिए नहीं, जीवन बचाने के लिए जरूरी हैं यातायात नियम
अभियान के दौरान एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। दून पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
उन्होंने वाहन चालकों से ओवरस्पीडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की अपील की।
पिलियन राइडर ने हेलमेट नहीं पहना तो होगी चालानी कार्रवाई
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दोपहिया वाहन पर पीछे बैठी सवारी द्वारा हेलमेट नहीं पहनने की स्थिति में अब वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एसपी ग्रामीण जया बलूनी, सीओ ट्रैफिक सहित दून पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग देने की अपील की।
