नई दिल्ली में आयोजित फिक्की की वार्षिक आम बैठक एवं सम्मेलन में हुईं शामिल, समावेशी विकास और कर्मचारी कल्याण पर दिया जोर
देहरादून/नई दिल्ली। फिक्की उत्तराखंड चैप्टर की संस्थापक अध्यक्ष एवं फिक्की लेडीज़ ऑर्गनाइजेशन (फ्लो) की पूर्व अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की वार्षिक आम बैठक एवं वार्षिक सम्मेलन 2026 में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन और राष्ट्र निर्माण में उद्योग जगत की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
भारत 2047 के प्रेरणादायक संकल्प पर केंद्रित इस सम्मेलन में देश के औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि फिक्की अपने गौरवशाली 100 वर्ष पूरे करने की दिशा में अग्रसर है।

डॉ. गीता खन्ना ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि प्रगतिशील सरकारी नीतियों, मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) और आर्थिक सुधारों से देश के उद्योग जगत के लिए नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने फिक्की की ओर से प्रस्तुत सुझावों एवं सिफारिशों के प्रति प्रधानमंत्री के सकारात्मक और प्रोत्साहनपूर्ण दृष्टिकोण की भी प्रशंसा की।
राष्ट्र निर्माण में उद्योग जगत की अहम भूमिका
डॉ. खन्ना ने कहा कि उद्योग जगत के नेताओं की जिम्मेदारी केवल व्यावसायिक विकास और मुनाफे तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण और कर्मचारियों के कल्याण में भी महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए।
उन्होंने समावेशी विकास पर जोर देते हुए कहा कि वास्तविक प्रगति वही है, जिसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। आर्थिक विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी आवश्यक है।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में फिक्की का योगदान
डॉ. गीता खन्ना ने विश्वास व्यक्त किया कि फिक्की भविष्य में भी भारत की आर्थिक प्रगति को गति देने, उद्योग जगत और सरकार के बीच सहयोग को मजबूत करने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी, सकारात्मक नीतियों और सामाजिक उत्तरदायित्व के समन्वय से देश के समग्र एवं समावेशी विकास को नई दिशा मिल सकती है।
