Your Website Description

देहरादून की 10 ग्रामीण महिलाओं ने रचा सफलता का नया इतिहास, 650 गिफ्ट हैंपर बेचकर कमाए 18 लाख रुपये से अधिक

दिल्ली की कंपनियों से मिले बड़े ऑर्डर, पहाड़ी उत्पादों से तैयार हैंपर बने आकर्षण का केंद्र; सरस गैलरी ने दिलाई राष्ट्रीय बाजार में पहचान

देहरादून। हुनर, मेहनत और उद्यमशीलता के दम पर ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं। इसकी मिसाल सहसपुर विकासखंड के ग्राम कोटरा कल्याणपुर स्थित दून गूजबेरी फार्म स्वयं सहायता समूह की 10 महिलाओं ने पेश की है। दीपावली और भैया दूज के त्योहारी सीजन में इन महिलाओं ने 650 से अधिक आकर्षक गिफ्ट हैंपर तैयार कर 18 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिलाओं की यह उपलब्धि न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही है, बल्कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में पहचान भी दिला रही है।

समूह की इस कामयाबी के पीछे स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, महिलाओं का पारंपरिक हुनर और बेहतर मार्केटिंग की अहम भूमिका रही। दिल्ली में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित सरस गैलरी में उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के बाद समूह की पहुंच बड़े संस्थानों और कंपनियों तक बनी। इसी का परिणाम रहा कि दीपावली से कुछ माह पहले सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की ओर से गिफ्ट हैंपर तैयार करने के बड़े ऑर्डर मिले। महिलाओं ने आपसी समन्वय और मेहनत से निर्धारित समयसीमा में सभी ऑर्डर पूरे कर दिल्ली भेजे।

समूह की अध्यक्ष नमिता रावत नेगी के मुताबिक, महिलाओं ने 650 से अधिक गिफ्ट हैंपर तैयार किए। प्रत्येक हैंपर की कीमत दो से तीन हजार रुपये रही। इनकी आपूर्ति से समूह को 18 लाख रुपये से अधिक का कारोबार प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि सरस गैलरी ने उनके उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर दिया है। इससे महिलाओं की आमदनी बढ़ने के साथ उनके हुनर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

पहाड़ी उत्पादों ने बढ़ाई गिफ्ट हैंपर की खासियत

इन गिफ्ट हैंपर की सबसे बड़ी विशेषता इनमें शामिल उत्तराखंड के स्थानीय और पारंपरिक उत्पाद रहे। प्रत्येक हैंपर में बुरांश का जूस, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, दीये, सेब का जैम, आम और नींबू की चटनी, शहद, बिस्किट तथा पहाड़ी नमक सहित कई उत्पाद आकर्षक पैकिंग में शामिल किए गए। स्थानीय स्वाद और पारंपरिक उत्पादों के इस अनूठे संगम ने हैंपर को खास बना दिया। इससे पहाड़ी उत्पादों को त्योहारों पर उपहार के रूप में बाजार उपलब्ध कराने की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।

सरस गैलरी ने स्थानीय उत्पादों को दिलाया राष्ट्रीय मंच

सहायक परियोजना निदेशक अनीता पंवार ने बताया कि दून गूजबेरी फार्म स्वयं सहायता समूह की 10 महिलाओं को दीपावली और भैया दूज के अवसर पर दिल्ली की कंपनियों से गिफ्ट हैंपर तैयार करने के बड़े ऑर्डर मिले थे। महिलाओं ने समयबद्ध तरीके से सभी ऑर्डर पूरे कर 18 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया।

उन्होंने कहा कि सरस गैलरी जैसे राष्ट्रीय स्तर के मंच ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और बिक्री के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहकर देश के बड़े बाजारों में पहुंच रहे हैं। साथ ही महिलाओं को बड़े संस्थानों और कंपनियों के साथ सीधे व्यावसायिक संबंध स्थापित करने का अवसर मिल रहा है।

महिला उद्यमिता को मिल रहा नया मुकाम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। दून गूजबेरी फार्म स्वयं सहायता समूह की सफलता इसका उदाहरण है कि यदि महिलाओं को प्रशिक्षण, अवसर और बाजार उपलब्ध कराया जाए तो वे बड़े व्यावसायिक ऑर्डर हासिल कर उन्हें सफलतापूर्वक पूरा कर सकती हैं।

महज 10 महिलाओं के समूह द्वारा 18 लाख रुपये से अधिक का कारोबार करना क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। यह सफलता बताती है कि पहाड़ का पारंपरिक हुनर और स्थानीय उत्पाद सही बाजार मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *