Your Website Description

मांजफ गांव में पांडव लीला के पांचवें दिन भीम, अर्जुन, द्रौपदी और कृष्ण के जन्मोत्सव का मंचन

प्रवासी ग्रामीण भी पैतृक गांव पहुंचकर निभा रहे परंपरा, विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा- संघर्षों से उबरने की प्रेरणा देती है पांडव लीला

लंबगांव। विकासखंड प्रतापनगर की पट्टी ओण के ग्राम पंचायत मांजफ में आयोजित पांडव लीला के पांचवें दिन भीम, अर्जुन, द्रौपदी एवं भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया। इसके साथ ही पांडवों के जीवन से जुड़े विभिन्न मार्मिक प्रसंगों का मंचन भी किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे।

विकासखंड प्रतापनगर के सबसे बड़े गांवों में शामिल मांजफ में पांडव लीला केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गांव की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का भी प्रतीक बनी हुई है। इस आयोजन में गांव से बाहर रहने वाले और रोजगार के सिलसिले में पलायन कर चुके प्रवासी ग्रामीण भी अपने पैतृक गांव लौटते हैं। सभी ग्रामीण एकजुट होकर पांडवों का स्मरण करते हैं और गांव की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

पांडव लीला में शामिल हुए प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि पांडव लीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन के संघर्षों और उनसे उबरने की प्रेरणा देने वाला माध्यम भी है। पांडवों के जीवन में अनेक कठिनाइयां आईं, लेकिन उन्होंने हर परिस्थिति का साहस के साथ सामना करते हुए आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त किया।

ग्राम प्रधान गंभीर महर ने कहा कि मांजफ गांव में सदियों से चली आ रही पांडव लीला की परंपरा को जीवंत बनाए रखने में गांव के प्रत्येक परिवार की सहभागिता रहती है। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से ही इस प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी पंवार, पुलम सिंह महर, कीर्ति सिंह महर, धाम सिंह, देवेंद्र सिंह, रमेश सिंह, प्रवीण पंवार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *