Your Website Description

डॉ. दीपक सैनी ने संभाला देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी का कार्यभार, विकास योजनाओं को गति देना प्राथमिकता

महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा विशेष फोकस; विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया जोर

देहरादून। जनपद देहरादून के नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. दीपक सैनी ने बुधवार को विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जनपद के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

मीडिया से बातचीत में डॉ. सैनी ने नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए उत्तराखंड शासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ यह सुनिश्चित किया जाएगा कि योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव आम नागरिक के जीवन में दिखाई दे।

महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को मिलेगा बढ़ावा

सीडीओ ने कहा कि ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

विकास कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता

उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हों, इसके लिए प्रभावी मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गति दी जाएगी और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर जोर

डॉ. सैनी ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधारने, स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने तथा पेयजल, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए नियमित फील्ड विजिट की जाएगी और ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा होगी।

पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यावरण अनुकूल विकास पर फोकस

उन्होंने कहा कि देहरादून के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सतत एवं समावेशी विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत पर्यावरण संरक्षण, आपदा सुरक्षा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान रहेगा।

डॉ. सैनी ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से टीम भावना के साथ कार्य किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणामोन्मुख कार्यशैली के माध्यम से जनपद की विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *