Your Website Description

राष्ट्रीय प्रेस दिवस: पत्रकारिता में सनसनी नहीं, तथ्यपरकता और जिम्मेदारी जरूरी

जिला सूचना कार्यालय में ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित, पत्रकारों ने निष्पक्षता, विश्वसनीयता और मीडिया की सामाजिक भूमिका पर रखे विचार

Dehradun:  राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय परिसर में जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित विषय पर आयोजित इस गोष्ठी में पत्रकारिता की बदलती भूमिका, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, समाचारों की तथ्यात्मकता, निष्पक्षता तथा डिजिटल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर विस्तार से चर्चा हुई। पत्रकारों ने कहा कि मौजूदा दौर में सूचनाओं के तेज प्रसार के बीच मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है।

तथ्यात्मकता और निष्पक्षता ही पत्रकारिता की असली पहचान: प्रियंका जोशी

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने उपस्थित पत्रकारों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है। डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाओं का प्रसार पहले की अपेक्षा कहीं अधिक तेजी से हो रहा है। ऐसे में पत्रकारिता की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि समाचारों को आकर्षक बनाने के लिए प्रस्तुति के विभिन्न तरीके अपनाए जा सकते हैं, लेकिन किसी भी खबर की मूल भावना उसकी तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता होनी चाहिए। समाचारों का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़े और आमजन तक सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचे, यह पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है।

समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्य सत्यापन जरूरी: बीडी शर्मा

वरिष्ठ पत्रकार बीडी शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए अपनी लेखनी में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस दौर में पत्रकारिता को परजीवी प्रवृत्ति से बचाते हुए स्वतंत्र एवं मौलिक चिंतन को बढ़ावा देना होगा।

उन्होंने जोर दिया कि किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसका तथ्यात्मक विश्लेषण और सत्यापन किया जाना चाहिए, ताकि पाठकों और समाज तक विश्वसनीय सूचनाएं पहुंच सकें। इस दौरान उन्होंने पत्रकारिता की गुणवत्ता बनाए रखने को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।

संवेदनशील खबरों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत: गिरिधर गोपाल लुथरा

वरिष्ठ पत्रकार गिरिधर गोपाल लुथरा ने कहा कि पत्रकारिता में संवेदनशील विषयों से जुड़े समाचारों को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करना बेहद जरूरी है। अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी समाज में नकारात्मक संदेश दे सकती है और इसका व्यापक प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे मामलों में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।

आपदा के दौरान सटीक सूचनाएं पहुंचाना पत्रकारिता का धर्म: घनश्याम चन्द जोशी

वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द जोशी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता का महत्वपूर्ण स्थान है और देश एवं समाज के प्रति मीडिया की बड़ी जिम्मेदारी है। उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में आपदा और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के दौरान प्रसारित होने वाले समाचारों का व्यापक प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करना और आमजन तक सही, सटीक एवं विश्वसनीय सूचनाएं पहुंचाना पत्रकारिता का मूल धर्म होना चाहिए।

जनहित और निष्पक्षता को प्राथमिकता दे मीडिया: पिताम्बर कुमार

वरिष्ठ पत्रकार पिताम्बर कुमार ने कहा कि मीडिया को समाज, सरकार और विभिन्न समुदायों के बीच संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। पत्रकारिता केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित के प्रति समर्पित होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मीडिया का दायित्व सरकार और समाज की कमियों को उजागर करने के साथ ही उनमें सुधार के लिए सकारात्मक पहल और जनजागरूकता को प्रोत्साहित करना भी है।

पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती

गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण और राहुल शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सूचनाओं की अधिकता और उनके त्वरित प्रसार के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। इसके लिए समाचारों की पुष्टि, भाषा की मर्यादा, सामाजिक संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है।

गोष्ठी के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचारों का प्रसार करना नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनसमस्याओं को उचित मंच प्रदान करना, शासन-प्रशासन को जनहित के प्रति जवाबदेह बनाना और समाज को जागरूक करना भी है। सनसनी के स्थान पर तथ्यपरकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देकर ही मीडिया के प्रति आमजन का विश्वास कायम रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *