टिहरी जनपद का दूसरा बैडमिंटन कोर्ट तैयार, स्थानीय युवाओं को मिलेगी अभ्यास और खेल प्रतिभा निखारने की सुविधा
घनसाली। नगर पंचायत घनसाली में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर पंचायत कार्यालय के समीप 39.33 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक इनडोर बैडमिंटन कोर्ट का क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
विधायक शक्ति लाल शाह ने कहा कि इनडोर बैडमिंटन कोर्ट बनने से घनसाली क्षेत्र के खिलाड़ियों को अब बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विशेष रूप से युवाओं को नियमित अभ्यास करने, अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र में खेल गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने बताया कि टिहरी जनपद में यह दूसरा बैडमिंटन कोर्ट है। जिले में पहले से एक बैडमिंटन कोर्ट संचालित है, जबकि अब नगर पंचायत घनसाली में भी आधुनिक इनडोर बैडमिंटन कोर्ट तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यदि युवाओं को उचित सुविधाएं और नियमित अभ्यास का अवसर मिले तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
करीब 39.33 लाख रुपये की लागत से तैयार यह बैडमिंटन कोर्ट घनसाली क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इस सुविधा से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
इस मौके पर नगर पंचायत सभासद विनय राणा, राजीव गुसाईं, विजय राणा, गोविंद बडोनी, अनिल चौहान, गंगा सिंह पंवार, विजय सजवाण, टिंकू बर्त्वाल, कुंवर सिंह कुमाई, सुरेंद्र सिंह, अनिल रतूड़ी सहित कई लोग मौजूद रहे।
