Your Website Description

घनसाली में ब्लॉक स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 9500 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, नौ प्रतिभागी बने विजेता

स्व. रघुनाथ सिंह बिष्ट स्मृति प्रतियोगिता में तीन वर्गों में हुआ मुकाबला, विधायक शक्तिलाल शाह ने विजेताओं को किया सम्मानित

घनसाली। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को स्वर्गीय रघुनाथ सिंह बिष्ट स्मृति ब्लॉक स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट एवं उनके परिजनों की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के 381 विद्यालयों के लगभग 9,500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता प्राथमिक, जूनियर और माध्यमिक तीन वर्गों में आयोजित की गई।

प्रतियोगिता का शुभारंभ 16 अक्टूबर को विद्यालय स्तर से किया गया था। इसके बाद विकासखंड की 11 न्याय पंचायतों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रत्येक न्याय पंचायत से तीन-तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। अंतिम चरण में सभी 11 न्याय पंचायतों से चयनित कुल 33 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के परिणामों में प्राथमिक वर्ग में पीयूष ने प्रथम, अक्षित सेमवाल ने द्वितीय तथा अदिति उनियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में दिव्यांशु पोखरियाल प्रथम, अर्जित द्वितीय तथा पूनम तृतीय स्थान पर रहे। वहीं माध्यमिक वर्ग में समीर पंवार ने प्रथम, अनीश सिंह ने द्वितीय तथा अनुष्का ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक शक्तिलाल शाह ने सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इन आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की भी सराहना की।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5,100 रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 3,100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 2,100 रुपये नकद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।

आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके आने-जाने का सामान्य किराया भी उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, गोविंद सिंह राणा, यशवंत गुसाईं, चंद्रवीर नेगी, विजयराज मियां, उपेंद्र मैठाणी, गोपेश्वर अंथवाल, जयशंकर नगवाण, विनय राणा, गोविंद बडोनी, रमेश नेगी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *