देहरादून के बंजारावाला में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाजपा नेता मनवीर चौहान ने भी थिरकाए कदम, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का दिया संदेश
देहरादून। उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं के प्रति प्रेम जब व्यवहार में नजर आता है, तो वह दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन जाता है। ऐसा ही नजारा राजधानी देहरादून में आयोजित इगास बग्वाल के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में देखने को मिला। यहां सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी पूरी तरह पहाड़ी रंग में रंगे नजर आए। पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर उन्होंने जमकर ठुमके लगाए और कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।
देहरादून के बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित इगास बग्वाल कार्यक्रम में जैसे ही पारंपरिक पहाड़ी लोकगीतों की धुन गूंजी, बंशीधर तिवारी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। उन्होंने पूरे उत्साह के साथ लोकगीतों पर नृत्य किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ कदम से कदम मिलाए। दोनों की सांस्कृतिक सहभागिता कार्यक्रम का खास आकर्षण रही।

कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान बंशीधर तिवारी ने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दीपावली के 11 दिन बाद मनाया जाने वाला इगास पर्व उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और विशिष्ट पहचान का प्रतीक है। ऐसे लोकपर्व हमारी पुरानी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का काम करते हैं। साथ ही ये आयोजन समाज में आपसी मेलजोल और भाईचारे को भी मजबूत बनाते हैं।
बंशीधर तिवारी की लोकगीतों पर थिरकती तस्वीरें और कार्यक्रम में उनकी सहज भागीदारी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। उनकी इस सहभागिता ने संदेश दिया कि संस्कृति का संरक्षण केवल बातों से नहीं, बल्कि अपनी परंपराओं को उत्साह के साथ जीवन में अपनाने से होता है। अपनी लोक संस्कृति पर गर्व करना और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
