देहरादून। देहरादून स्थित दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में रविवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक श्री झण्डा साहिब का भव्य आरोहण लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ। जैसे ही सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के संदेश पर झण्डा आरोहण की प्रक्रिया शुरू हुई, पूरी द्रोणनगरी “जय श्री गुरु राम राय जी महाराज” के जयकारों से गूंज उठी।
शाम 4 बजकर 12 मिनट पर 94 फीट ऊंचे पवित्र श्री झण्डे जी का आरोहण पूर्ण हुआ। इस दिव्य क्षण के साथ ही देहरादून के ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया। ढोल-नगाड़ों की थाप और जयकारों के बीच श्रद्धालु गुरु भक्ति में झूमते नजर आए।
आस्था के महाकुंभ में उमड़ा जनसैलाब
रविवार को सूर्योदय से पहले ही दरबार साहिब परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेशों से आई संगतों ने गुरु दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दूध, घी, शहद और गंगाजल से हुआ अभिषेक
सुबह सात बजे से विशेष पूजा-अर्चना शुरू हुई। करीब 8:30 बजे श्रद्धालुओं ने पवित्र ध्वज दंड को उतारकर विधि-विधान से पूजा की और दूध, घी, शहद, गंगाजल तथा पंचगव्य से पवित्र झण्डे का अभिषेक किया। इसके बाद 94 फीट ऊंचे झण्डे पर सादे और शनील के गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया आरंभ हुई। पूरी प्रक्रिया के दौरान झण्डे को जमीन पर नहीं रखा गया, बल्कि संगतों ने उसे अपने हाथों पर थामे रखा।
दर्शनी गिलाफ चढ़ते ही उमड़ी श्रद्धा
दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही दर्शनी गिलाफ चढ़ाया गया, हजारों श्रद्धालु पवित्र गिलाफ को स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए उत्सुक दिखाई दिए। पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और गुरु महिमा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

बाज की परिक्रमा को माना गया दिव्य संकेत
झण्डा आरोहण के बाद एक बाज ने झण्डे की परिक्रमा की, जिसे श्रद्धालु हर वर्ष की तरह गुरु महाराज की सूक्ष्म दिव्य उपस्थिति का प्रतीक मानते हैं। इस दृश्य ने संगतों की श्रद्धा को और भी गहरा कर दिया।
एलईडी स्क्रीन और सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण
इस बार आयोजन को अधिक भव्य बनाने के लिए पांच बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गईं। साथ ही फेसबुक और यूट्यूब के माध्यम से झण्डा आरोहण का सीधा प्रसारण भी किया गया। ड्रोन कैमरों से की गई कवरेज श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
भाईचारे और सद्भाव का संदेश
झण्डा आरोहण के बाद श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देश और प्रदेशवासियों को झण्डा जी महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और अमन-चैन का संदेश देता है। उन्होंने प्रार्थना की कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा देश और प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे।
