अयोध्या में देवभूमि की पहचान, रुद्रपुर में युवाओं की उड़ान; धामी सरकार के दो बड़े प्रोजेक्ट
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को जमीन पर उतारने के लिए आवास विभाग ने दो बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने सचिवालय में हुई बैठक में अयोध्या में बनने वाले राज्य अतिथि गृह और रुद्रपुर में बनने वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रोजेक्ट को लेकर निर्देश दिए।
अयोध्या में बनेगा ‘देवभूमि का परिचय केंद्र’
अयोध्या में 67.83 करोड़ रुपये की लागत से उत्तराखंड का भव्य राज्य अतिथि गृह बनाया जाएगा। यह सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि देवभूमि की संस्कृति का परिचय केंद्र होगा। भवन की डिजाइन में पहाड़ी वास्तुशैली होगी और अलग-अलग फ्लोर ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट और पंचाचूली थीम पर आधारित होंगे।
बैठक में बारात घर के प्रस्ताव को हटाकर पूरे भवन को अतिथि गृह के मानकों के अनुसार बनाने के निर्देश दिए गए।

रुद्रपुर में बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
रुद्रपुर के मोदी मैदान में 23.32 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनेगा। पहले इसकी लागत 23.74 करोड़ थी, जिसे संशोधित कर कम किया गया है।
इस कॉम्प्लेक्स में इंडोर में जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन, जबकि आउटडोर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस की सुविधाएं होंगी। साथ ही 1 किलोमीटर लंबा साइकिलिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि हमारा फोकस परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर है। अयोध्या का अतिथि गृह उत्तराखंड की ब्रांडिंग करेगा, तो रुद्रपुर का कॉम्प्लेक्स युवाओं को नए अवसर देगा।
