मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का किया स्थलीय निरीक्षण

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद भ्रमण के दौरान गोला नदी पर निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के निरंतर संवाद से परियोजना से जुड़ी पर्यावरणीय एवं तकनीकी बाधाओं का समाधान किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह महत्वपूर्ण परियोजना स्वीकृत हो सकी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जमरानी बांध परियोजना से सिंचाई और पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ होगी, साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना से कुमाऊं के तराई क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के किसानों को भी लाभ मिलेगा।

परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने जानकारी दी कि दो टनलों का कार्य लगभग 88 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जून 2026 तक टनल निर्माण एवं कृत्रिम बांध का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जबकि परियोजना का संपूर्ण निर्माण कार्य जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *