प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून। नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शनिवार को अधिकारियों के साथ आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड तक सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, सड़कों के पैचवर्क, दीवारों के रंगरोगन तथा चौराहों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे फैले मलवे की सफाई और क्षतिग्रस्त होर्डिंग्स को ठीक कराने को कहा।

सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आवागमन सुचारु बना रहे।

 

इसके बाद अधिकारियों ने गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड का निरीक्षण कर कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मुख्य पंडाल, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुगम आवागमन के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *