Your Website Description

संविधान दिवस पर राजकीय महाविद्यालय जखोली में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए मौलिक अधिकार और कर्तव्य

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने कराया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, बाल विवाह के खिलाफ पीएलवी ने नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता संदेश

रुद्रप्रयाग। संविधान दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय जखोली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के निर्माण, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान में निहित आदर्शों को आत्मसात करने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश श्रीमती नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती पायल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

संविधान लोकतंत्र की आधारशिला : पायल सिंह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती पायल सिंह ने भारतीय संविधान के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, स्वतंत्रता और समानता की रक्षा करने के साथ ही सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों का बोध भी कराता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, कानून का सम्मान करने और एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया।

संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, दिलाई गई शपथ

संविधान दिवस के अवसर पर सचिव पायल सिंह ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और अन्य उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। इस दौरान सभी ने संविधान में उल्लिखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति निष्ठा रखते हुए उनके पालन की शपथ ली।

नुक्कड़ नाटक से बाल विवाह के दुष्परिणामों पर किया जागरूक

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। इसके माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

नाटक में बताया गया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यक्तिगत विकास और भविष्य को किस प्रकार प्रभावित करता है। पीएलवी ने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस कुप्रथा को रोकने के लिए आगे आने और जागरूकता फैलाने की अपील की।

निःशुल्क विधिक सहायता और हेल्पलाइन 15100 की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी समझाई गई।

लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की टोल फ्री विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के बारे में जानकारी देते हुए जरूरतमंद व्यक्तियों से इसका लाभ उठाने की अपील की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी जिम्मेदारियों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना रहा। इस पहल के माध्यम से संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में कानूनी जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *