संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को किया याद, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान
देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय उज्ज्वल में संविधान दिवस गरिमामय तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर निगम के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने भारतीय संविधान की विशेषताओं, उसके महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संविधान सभा के अन्य सदस्यों के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की मजबूत नींव है। संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ ही उसके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है।
इस अवसर पर श्री अजय कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को अपने कार्यव्यवहार एवं दैनिक जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए संवैधानिक मूल्यों का सम्मान और उनका पालन अत्यंत आवश्यक है। सरकारी एवं सार्वजनिक संस्थानों में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन संवैधानिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप करे।
कार्यक्रम के माध्यम से यूजेवीएन लिमिटेड ने संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों के निर्वहन का संदेश दिया।
