कृषि, लघु उद्योग और स्वरोजगार योजनाओं में बढ़ेगा ऋण वितरण, स्वयं सहायता समूहों और किसानों को ऋण सुविधा देने पर जोर
चमोली। जिले में स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए बैंकों को लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले का ऋण जमा अनुपात (सीडी रेश्यो) 40 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कृषि, लघु उद्योग और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण वितरण बढ़ाने पर जोर दिया गया।
गुरुवार को जिला सभागार में परियोजना निदेशक आनंद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समन्वय समिति (डीएलआरसी) की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की बैंकिंग गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सरकारी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से बैंकों को भेजे गए लंबित ऋण आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया।

परियोजना निदेशक ने बैंक अधिकारियों को वार्षिक कार्ययोजना के अनुरूप सीडी रेश्यो में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगारपरक योजनाओं के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से अधिकाधिक ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के साथ कृषि और लघु उद्योगों को भी बैंक ऋण से प्रोत्साहित किया जाए।
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सरल बनाने के निर्देश भी दिए। बैठक में पीएम स्वनिधि, पीएमईजीपी, पीएम मुद्रा योजना, स्पेशल कंपोनेंट प्लान, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे योजना और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा की गई।
परियोजना निदेशक ने बैंकर्स और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जिले में स्वरोजगार को गति देने के लिए बैंकिंग व्यवस्था को अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाना जरूरी है।
