रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की होनहार एथलीट रोशनी कालूड़ा ने 41वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए हैं। चेन्नई, तमिलनाडु में आयोजित प्रतियोगिता में रोशनी ने अंडर-20 बालिका वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक और 3 किलोमीटर स्टीपल चेज में कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से जनपद रुद्रप्रयाग सहित पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।

रोशनी कालूड़ा पूर्व में खेल विभाग के एथलेटिक्स बालिका छात्रावास, अगस्त्यमुनि में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दो पदक जीतकर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिचय दिया है। देशभर के प्रतिभावान खिलाड़ियों के बीच उनका यह प्रदर्शन उत्तराखंड की एथलेटिक्स प्रतिभा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने रोशनी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि खेल विभाग अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग और उत्तराखंड खेल फेडरेशन की ओर से रोशनी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है।
उन्होंने कहा कि रोशनी की उपलब्धि जनपद के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उनकी सफलता साबित करती है कि निरंतर अभ्यास, दृढ़ इच्छाशक्ति और लक्ष्य के प्रति समर्पण से राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
रुद्रप्रयाग जैसे पर्वतीय जनपद की बेटी द्वारा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो पदक जीतना क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं और उनकी संभावनाओं को दर्शाता है। रोशनी की सफलता से खेल विभाग के एथलेटिक्स बालिका छात्रावास, अगस्त्यमुनि का भी गौरव बढ़ा है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि वह भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगी।
