Your Website Description

शिवालिक एकेडमी में वार्षिकोत्सव ‘जागृति द अवेकनिंग 2026’ की धूम, ‘दशावतार—युगों से मिला उत्तर’ ने मोहा मन

देहरादून। शिवालिक एकेडमी में वार्षिकोत्सव ‘जागृति द अवेकनिंग 2026’ का आयोजन हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया गया। इस वर्ष वार्षिकोत्सव की थीम ‘दशावतार—युगों से मिला उत्तर’ रही। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, पौराणिक कथाओं और वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों, आकर्षक वेशभूषा और प्रभावशाली मंचन ने दर्शकों का मन मोह लिया।

भगवान विष्णु की वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत और भगवान विष्णु की वंदना के साथ हुआ। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और भक्तिमय वातावरण का संचार किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों में कार्निवल, टॉल मैन और चाइनीज लायन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों की रंग-बिरंगी वेशभूषा, सुसज्जित मंच और शानदार प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।

‘दशावतार—युगों से मिला उत्तर’ ने दिया सामाजिक संदेश

वार्षिकोत्सव की मुख्य प्रस्तुति ‘दशावतार—युगों से मिला उत्तर’ रही। इसमें भगवान विष्णु के दस अवतारों के माध्यम से विभिन्न युगों की कथाओं को वर्तमान समाज से जोड़कर प्रस्तुत किया गया।

विद्यार्थियों ने अभिनय और नृत्य के माध्यम से समाज की विभिन्न परिस्थितियों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। प्रस्तुति में भारतीय पौराणिक परंपराओं के साथ समकालीन सामाजिक विषयों का समावेश देखने को मिला। विद्यार्थियों के अभिनय, नृत्य और मंचीय समन्वय ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की सफलताओं पर प्रकाश डाला। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों में कृष्णा नैनीवाल और सृष्टि गुप्ता को सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यालय की छात्रा जाह्नवी पुंडीर को प्रतिष्ठित केजीएस मेमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ क्लिनिकल मनोवैज्ञानिक एवं सांख्ययोग फाउंडेशन के संस्थापक-अध्यक्ष डॉ. मुकुल शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीबीएसई के पूर्व संयुक्त सचिव एवं जीएमवीएन के निदेशक डॉ. रणबीर सिंह ने कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर विभिन्न सहोदय स्कूलों के प्रधानाचार्य और अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।

विद्यालय के चेयरमैन सोमदत्त त्यागी, डायरेक्टर शिवम त्यागी, को-ऑर्डिनेटर तान्या त्यागी, शिवांगी त्यागी तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी समारोह में उपस्थित रहे।

वार्षिकोत्सव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पौराणिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *