देहरादून। उत्तराखण्ड में सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की पैरवी को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह शीघ्र ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे। गडकरी के साथ प्रस्तावित बैठक की तैयारियों को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा के मध्य विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से प्रस्तावित बैठक में ऋषिकेश बाईपास, अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग, ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण-कर्णप् रयाग मार्ग और अल्मोड़ा-बागेश्वर-काण्डा-उडिया री बैंड मार्ग के निर्माण से संबंधित प्रस्तावों के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित राज्य के अनेक महत्वपूर्ण मामलों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से उत्तराखण्ड में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा, यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी और पर्वतीय क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से चारधाम यात्रा, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा ने प्रस्तावित परियोजनाओं पर सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सड़क संपर्क सुविधाओं के विकास के लिए केन्द्र सरकार निरंतर प्रयासरत है।
