चकराता। भाजपा चकराता विधानसभा की संगठनात्मक बैठक शनिवार को रामताल गार्डन में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ वीर शहीद केसरी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ सशक्तीकरण और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान
बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्र नाथ शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में चकराता सीट पर बड़े अंतर से जीत हासिल करने के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करे।
उन्होंने संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कांग्रेस पर बरसे प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल
भाजपा के प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वोट चोरी और एसआईआर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
जनसंपर्क और सरकारी योजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक में बूथ सशक्तीकरण, जनसंपर्क अभियान तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के विषय पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष मीता सिंह, गीताराम गौड़, मधु चौहान, प्रताप सिंह रावत सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
