देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में रविवार को देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कुठाल गेट पर अखिलेश यादव का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने बयान की निंदा करते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

सनातन और योगी आदित्यनाथ के अपमान का लगाया आरोप
प्रदर्शन के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अखिलेश यादव ने सनातन के प्रहरी और उत्तराखंड मूल के उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया है। उन्होंने इस टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं को अपनी भाषा और बयानों के प्रति जिम्मेदार रहना चाहिए।
जोशी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश के प्रमुख लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ को मिल रहे जनसमर्थन के कारण विपक्षी नेताओं की ओर से इस तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं।
अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से अखिलेश यादव के पुतले के साथ उनकी सोच का भी दहन किया है। उन्होंने मांग की कि अखिलेश यादव अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगें।
जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता इस टिप्पणी को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में उत्तराखंड मूल के लोग रहते हैं और इस तरह के बयानों का राजनीतिक असर पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की जनता इसका जवाब देगी।
भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान दायित्वधारी ज्योति कोटिया, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, संध्या थापा, मोहित खरोला और अंशुल चावला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की और उनसे अपने बयान पर माफी मांगने की मांग दोहराई।
