मुख्य शिक्षा अधिकारी पर अभद्र व्यवहार का आरोप, डीएम से जांच की मांग

 

रुद्रप्रयाग। वासुदेव जनता इंटर कॉलेज गंगानगर बांगर की प्रबंध समिति चुनाव को लेकर चल रहे विवाद के बीच महिला पत्रकार ज्योति किमोठी और उनके साथ गई पुष्पा देवी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

 

महिलाओं का आरोप है कि प्रकरण की जानकारी लेने मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचने पर उन्हें काफी देर बाहर बैठाया गया और बाद में अंदर बुलाकर अभद्र तरीके से बात की गई। उन्होंने कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

 

पूर्व प्रबंधक अंकित भट्ट के अनुसार, 7 मार्च 2024 को सदस्यता के लिए 178 बैंक ड्राफ्ट जमा हुए थे, लेकिन दिसंबर 2025 में नया विज्ञापन जारी कर पुरानी प्रक्रिया निरस्त कर दी गई। इसके बाद 12 अगस्त 2026 को प्रबंध समिति का चुनाव कराया गया, जिस पर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।

 

वहीं, मुख्य शिक्षा अधिकारी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि महिला पत्रकार के हाथ में कैमरा था, इसलिए उन्हें कैमरा लेकर अंदर नहीं आने को कहा गया था। मामले में महिलाओं ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *