नई टिहरी। कस्तूरबा गांधी दिवस के अवसर पर प्रतापनगर नागरिक सम्मान मंच की ओर से अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज, लंबगांव में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को “जनभूषण” और “जनश्री” सम्मान से अलंकृत किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक विक्रम सिंह नेगी तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी को “जनभूषण” सम्मान
प्रतापनगर के पट्टी रैका स्थित पडिया गांव के मूल निवासी और सेवानिवृत्त एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी को देश की रक्षा सेवा में उनके योगदान के लिए “प्रतापनगर जनभूषण सम्मान” से सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही समाज सेवा और विकास में योगदान देने वाले डॉ. स्व. चतर सिंह रावत तथा टिहरी के पूर्व सांसद स्व. परिपूर्णानंद पैन्यूली को मरणोपरांत “जनभूषण सम्मान” प्रदान कर श्रद्धांजलि दी गई।
युवा प्रतिभाओं को “जनश्री” सम्मान
समारोह में सैन्य अधिकारी मेजर विवेक असवाल, लेफ्टिनेंट आयुष उनियाल तथा आईईएस अधिकारी अंजू भट्ट को “प्रतापनगर जनश्री सम्मान” से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मद्यनिषेध और महिला मंगल दलों को सशक्त बनाने में योगदान देने वाली भरपूर गांव की स्व. बरदेई देवी कलूडा, नाग गांव की स्व. धनेश्वरी देवी तथा रैका गांव के स्व. बालम सिंह बिष्ट को मरणोपरांत “जनश्री सम्मान” से नवाजा गया।
समाज के लिए प्रेरणादायी पहल
मुख्य अतिथि विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित करना अत्यंत सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलता है।
मंच के अध्यक्ष धूम सिंह रांगड़ ने बताया कि प्रतापनगर नागरिक सम्मान मंच द्वारा प्रतिवर्ष कस्तूरबा गांधी दिवस पर क्षेत्र की विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया जाता है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
