रतोली, पेटव और खेमड़ा में ग्रामीणों ने उठाईं समस्याएं, धनाई बोले- टिहरी को शिक्षा हब बनाना मेरा सपना

नई टिहरी। टिहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रतोली, पेटव और खेमड़ा में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने सड़क, रसोई गैस वितरण, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और टिहरी बांध टॉप से आवागमन सहित कई मुद्दों के समाधान की मांग उठाई।

गैस सिलेंडर के लिए एक किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर ग्रामीण

रतोली और पेटव के ग्रामीणों ने बताया कि गांव की सड़क परिवहन विभाग से स्वीकृत नहीं होने के कारण रसोई गैस सिलेंडर घर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। महिलाओं को करीब एक किलोमीटर दूर से सिर पर गैस सिलेंडर ढोकर लाना पड़ता है। इससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने गांव में पेयजल वितरण व्यवस्था सुचारु नहीं होने की शिकायत भी की। उन्होंने संबंधित समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।

रात में बांध टॉप से आवागमन बंद होने का मुद्दा उठाया

जन-संवाद के दौरान ग्रामीणों ने टिहरी बांध टॉप से रात के समय आवागमन बंद होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि रात में मार्ग बंद होने के कारण बीमार और प्रसूता महिलाओं को नई टिहरी अस्पताल ले जाने के लिए लंबे वैकल्पिक मार्ग से जाना पड़ता है। इससे समय पर उपचार नहीं मिलने की स्थिति में कई अप्रिय घटनाएं हो चुकी हैं।

बालमा से पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थानांतरण पर जताई चिंता

ग्रामीणों ने बालमा से पॉलीटेक्निक कॉलेज को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर शिक्षा और तकनीकी संस्थानों की उपलब्धता युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। संस्थानों के स्थानांतरण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

धनाई बोले- टिहरी को शिक्षा हब बनाना मेरा सपना

पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि स्थानीय स्तर पर शिक्षा एवं तकनीकी संस्थानों की उपलब्धता युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान टिहरी विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों और स्वीकृत योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य टिहरी विधानसभा क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रहा है। जन-संवाद के दौरान धनाई ने कहा कि क्षेत्र की मौजूदा समस्याओं के समाधान के साथ-साथ पूर्व में संचालित विकास योजनाओं और स्वीकृत योजनाओं, जो अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं, उन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

धनाई ने कहा, “मेरा सपना टिहरी को शिक्षा हब बनाने का है।” उन्होंने क्षेत्रवासियों से कहा कि वे उनके और उनसे पहले तथा बाद के जनप्रतिनिधियों द्वारा कराए गए कार्यों की तुलना करने के बाद ही अपने मत का निर्णय लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *