राष्ट्रीय खेल दिवस पर अंडर-19 ग्रैपलिंग प्रतियोगिता का समापन, विजेता खिलाड़ियों को मिले मेडल

नई टिहरी। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर एवं ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ टिहरी गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंडर-19 बालक एवं बालिका ग्रैपलिंग प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों ने पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान, मंडल अध्यक्ष रमेश पुंडीर, प्रख्यात समाजसेवी डॉ. राजे नेगी, एयर फोर्स अधिकारी डीपी रतूड़ी और समाजसेवी श्री भारद्वाज मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

निर्णायक मंडल की भूमिका रही सराहनीय

प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेफरी पैनल में विशाल शर्मा, सार्थक सेमवाल, अजय कुमार, शिवानी काला, शीतल, विजय गैरोला, विकास और करन शामिल रहे।

आयोजन को सफल बनाने में जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव नवीन रयाल, ग्रैपलिंग टिहरी गढ़वाल के सचिव अनुज गौड़ और सह कोषाध्यक्ष दीपाली रयाल ने सक्रिय भूमिका निभाई।

समापन अवसर पर आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *