नई टिहरी। जिला सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपदवासियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। जनता दरबार में कुल 58 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन समेत अन्य समस्याएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टल पर अपडेट किया जाए।
लंबित पेंशन और जीपीएफ मामलों पर सख्ती
डीएम ने पिछले पांच वर्षों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े लंबित पेंशन और जीपीएफ प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रकरण किसी भी स्तर पर लंबित है तो उसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
कॉम्पैक्टरों का निरीक्षण करेंगे एसडीएम
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्थापित कॉम्पैक्टरों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कॉम्पैक्टरों की स्थिति, संचालन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की कार्यप्रणाली का जायजा लिया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दरबार में सामने आए ये प्रमुख मामले
बेरनी-ओडाडा-पसर मोटर मार्ग: विकासखंड नरेंद्रनगर के ग्राम पसर के निवासियों ने बताया कि बेरनी-ओडाडा-पसर मोटर मार्ग के किलोमीटर 8 पर सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण पिछली बरसात में खेत बह गए, जिससे ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने स्कर्प और सुरक्षा दीवार बनाए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सोलर पंपिंग योजना: ग्राम पनियाला, प्रतापनगर निवासी संजय पैन्यूली ने शिकायत की कि सोलर पंपिंग पेयजल योजना पनियाला की 10 सोलर प्लेट क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले पांच माह से आमजन को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। डीएम ने जल निगम घनसाली को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दो माह से राशन नहीं मिलने की शिकायत: तहसील टिहरी क्षेत्र के ग्राम जाख निवासी विमला उनियाल ने बताया कि उनके पास अंत्योदय राशन कार्ड है, लेकिन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से संबंधित दुकानदार द्वारा उन्हें दो माह का राशन नहीं दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए पात्र लाभार्थी को राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
