पोखड़ा में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में पहुंचे कैबिनेट मंत्री, कहा- मोदी के विजन और धामी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
पोखड़ा (पौड़ी)। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दूसरे दिन कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने पोखड़ा विकासखंड मुख्यालय में आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जहां श्रमिकों और स्थानीय जनता की समस्याएं सुनीं, वहीं अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के निस्तारण के निर्देश देकर सरकार की ‘जनता के द्वार’ वाली नीति का संदेश भी दिया।
श्रम विभाग की ओर से आयोजित शिविर में सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सुविधाएं सीधे जनता तक पहुंचें।
‘श्रमिक विकास की मजबूत कड़ी’
कैबिनेट मंत्री ने श्रमिकों को प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि सड़क, भवन, औद्योगिक क्षेत्र या अन्य श्रम आधारित कार्यों में श्रमिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, “श्रमिक केवल श्रम नहीं करता, बल्कि अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिखता है।”
महाराज ने कहा कि श्रमिकों के परिश्रम और योगदान के बिना प्रदेश के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। सरकार श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता दे रही है।

श्रमिक पंजीकरण को बताया बेहद अहम
सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए श्रमिक पंजीकरण और नवीनीकरण बेहद जरूरी है। पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता है।
उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि जिनका पंजीकरण नहीं हुआ है, वे अपना पंजीकरण कराएं और जिनका पंजीकरण पहले से है, उसका समय पर नवीनीकरण जरूर कराएं।
महाराज ने कहा कि पंजीकरण और नवीनीकरण शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को बड़ी सुविधा मिल रही है। उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
‘व्यवस्था को कार्यालयों से निकालकर जनता के द्वार तक ला रही सरकार’
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिविरों का आयोजन सरकार की उस सोच का हिस्सा है, जिसके तहत प्रशासनिक व्यवस्था को केवल कार्यालयों तक सीमित न रखकर जनता के द्वार तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में दी जाए। किसी भी पात्र श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो और उसे योजनाओं का लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।

‘सबका साथ, सबका विकास’ का दिया संदेश
सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का सम्मान और कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने श्रमिकों से सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने और शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
समर्थकों और जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
कार्यक्रम में पोखड़ा मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र दर्शन, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुश रावत, जिला महामंत्री महिपाल सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, एसडीएम रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी एसपी शाह, विधायक प्रतिनिधि प्रभूशरण बुडाकोटी, जिला पंचायत सदस्य बलवंत नेगी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का पुष्पगुच्छ और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
राजनीतिक संदेश के लिहाज से महाराज के इस दौरे को क्षेत्र में सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और श्रमिक वर्ग के बीच सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को मजबूत तरीके से रखने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
