युवाओं के सपनों को पंख, आत्मनिर्भर उत्तराखंड की ओर धामी सरकार : मैंदोली

 

 

देहरादून। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार युवाओं को केवल रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला और प्रदेश के विकास का भागीदार बनाने की दिशा में काम कर रही है।

 

मैंदोली ने कहा कि युवा आयोग का गठन युवाओं की समस्याओं, सुझावों और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पलायन रोकने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में तीन औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

 

उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत 10 हजार विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग देने के लिए सात करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं 18 से 30 वर्ष के युवाओं को आईआईटी-आईआईएम जैसे संस्थानों से प्रशिक्षण और नया उद्यम शुरू करने के लिए बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है।

 

मैंदोली ने कहा कि अग्निवीरों के लिए अग्निवीर सेल और सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून लागू करने के साथ 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा भी उन्होंने किया।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजनाओं के तहत 35 हजार से अधिक लाभार्थियों को 1,389 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जिससे करीब 64,966 स्थानीय रोजगार सृजित हुए हैं।

 

मैंदोली ने कहा कि शिक्षा, कौशल, रोजगार, उद्यमिता और खेल के क्षेत्र में अवसर बढ़ाकर सरकार युवा शक्ति के सामर्थ्य से आत्मनिर्भर उत्तराखंड की नींव मजबूत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *