रुद्रप्रयाग। शासन के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत डूंगर सेमला में जन संवाद-जनता दरबार एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क और विकास कार्यों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रार्थना पत्र सौंपे। जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चंद्र चमोली ने बताया कि शिविर में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष नौ शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
