टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापना पर मंथन, मुख्यमंत्री धामी ने दिए सकारात्मक पहल के संकेत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल तथा टिहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोर उपाध्याय ने शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान टिहरी जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील टिहरी जनपद में उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा संस्थान की स्थापना से न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, बल्कि पूरे गढ़वाल मंडल के स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाएगी।

SJVN

विज्ञापन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का लक्ष्य दूरस्थ, पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। इसके लिए चिकित्सा अवसंरचना के विकास, मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा के विस्तार, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण पर लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव आए हैं। आयुष्मान भारत योजना, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार और मेडिकल शिक्षा संस्थानों की संख्या बढ़ाने जैसे प्रयासों से आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। राज्य सरकार इन प्रयासों को और गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी की स्वास्थ्य आवश्यकताओं, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और मेडिकल कॉलेज स्थापना से जुड़े प्रस्तावों एवं संभावनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। वहीं विधायक किशोर उपाध्याय ने क्षेत्र की जनभावनाओं से अवगत कराते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को टिहरी की दीर्घकालिक आवश्यकता बताया।

मुख्यमंत्री ने दोनों जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक मजबूत, आधुनिक और जनोन्मुख बनाने के लिए सरकार प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *