श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में रविवार को भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के तहत नशा मुक्ति शपथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का सामूहिक लाइव प्रसारण और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालयों की भूमिका केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशामुक्ति के संदेशवाहक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का सामूहिक रूप से लाइव प्रसारण देखा और नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुसंधान, खेल और सामाजिक सेवा से जुड़ें, तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।
विश्वविद्यालय के नशा मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. जे.पी. भट्ट ने बताया कि विश्वविद्यालय में पिछले कई वर्षों से नशा मुक्ति जागरूकता के लिए व्याख्यान, रैलियां, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं सहित विभिन्न कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान एक राष्ट्रीय जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक विद्यार्थी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट और उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल ने भी युवाओं से नशे के खिलाफ आगे आकर समाज को जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश नेगी ने किया।
