पौड़ी की नवनियुक्त सीएमओ ने किया संयुक्त उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

श्रीनगर (पौड़ी)। जनपद पौड़ी की नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मेघना असवाल ने रविवार को संयुक्त उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, आईसीयू और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। साथ ही भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के दौरान मरीजों ने अस्पताल में मिल रहे उपचार और समय पर उपलब्ध कराए जा रहे पौष्टिक भोजन पर संतोष व्यक्त किया। डॉ. मेघना असवाल ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं तथा प्रतिदिन करीब 350 मरीजों की ओपीडी होना लोगों के अस्पताल पर बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

चारधाम यात्रा और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अस्पताल की रणनीतिक स्थिति को देखते हुए सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को आईसीयू का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रचित गर्ग ने बताया कि अस्पताल की पूरी टीम मरीजों को बेहतर उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

निरीक्षण के दौरान डॉ. गोविंद पुजारी, डॉ. सचिन चौबे, डॉ. दिग्पाल दत्त, डॉ. मारिषा पंवार सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *