देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने नई दिल्ली में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सचिव से शिष्टाचार भेंट कर राज्य के ऊधम सिंह नगर जनपद में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (All India Institute of Ayurveda-AIIA) की स्थापना के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से सभी आवश्यक तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी देते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश विश्व की योग राजधानी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और राज्य में आयुर्वेद चिकित्सा एवं शिक्षा का मजबूत आधार पहले से मौजूद है।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने ऊधम सिंह नगर में संस्थान की स्थापना के लिए सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप विवाद रहित एवं उपयुक्त भूमि चिन्हित कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। प्रस्तावित स्थल राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्क सुविधाओं से जुड़ा है। साथ ही, भविष्य में विकसित होने वाले एम्स सैटेलाइट सेंटर के निकट होने के कारण यह क्षेत्र समेकित चिकित्सा (इंटीग्रेटिव मेडिसिन) के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित होने की व्यापक संभावनाएं रखता है।
मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि, सड़क, विद्युत, पेयजल, ड्रेनेज सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आयुष मंत्रालय से उत्तराखंड के प्रस्ताव को स्वीकृति देने पर सकारात्मक विचार करने का अनुरोध किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना से आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान, उपचार और चिकित्सा पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। साथ ही, राज्य समेकित स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष आधारित चिकित्सा के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में अपनी पहचान को और मजबूत करेगा।
