विश्व सर्प दिवस पर देहरादून जू में साइकिल यात्रा, वन्यजीव संरक्षण का दिया संदेश

 

 

 

देहरादून। विश्व सर्प दिवस के उपलक्ष्य में वन विभाग और पहाड़ी पेडलर्स के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ‘देहरादून जू साइकिल यात्रा’ का आयोजन किया गया। घंटाघर से शुरू हुई यह जागरूकता यात्रा देहरादून जू पहुँची, जहां प्रतिभागियों को सांपों, वन्यजीवों और स्थानीय जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

 

जू परिसर में आयोजित जागरूकता सत्र में स्नेक एक्सपर्ट प्रवेश कुमार ने सांपों की प्रकृति में भूमिका, उनकी विभिन्न प्रजातियों और उनसे जुड़े भ्रमों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अधिकांश सांप इंसानों के लिए हानिकारक नहीं होते हैं। यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे नुकसान पहुँचाने के बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।

इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को जू में मौजूद विभिन्न वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, खान-पान, व्यवहार और पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी दी। साइकिल यात्रा में शामिल बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े सवाल पूछे।

 

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।

वन क्षेत्राधिकारी दीक्षा भट्ट ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण में आमजन की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्यक्रम लोगों को प्रकृति के करीब लाने के साथ उनमें वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। वहीं, उप प्रभागीय वन अधिकारी अभिषेक मैथानी ने कहा कि वन विभाग समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है, ताकि लोग प्रकृति और वन्यजीवों को बेहतर ढंग से समझ सकें। उन्होंने कहा कि पहाड़ी पेडलर्स जैसे संगठनों का सहयोग इस अभियान को अधिक प्रभावी बना रहा है।

 

गौरतलब है कि पहाड़ी पेडलर्स हर सप्ताह ‘दून पेडल टेल्स (डीपीटी)’ के तहत पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, स्थानीय इतिहास और प्रकृति से जुड़े विषयों पर साइकिल यात्राओं का आयोजन करता है। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक गजेंद्र रमोला, सौरभ नेगी, चांदनी अरोड़ा सहित अनेक साइकिल प्रेमी और प्रकृति संरक्षण से जुड़े लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *