उत्तरकाशी: गंगोत्री हाईवे पर ऑलवेदर रोड न होने से जाम, बड़ेथी के पास ट्राला फंसने से बाधित हुई यात्रा

 

भटवाड़ी/उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ेथी से आगे ऑलवेदर रोड का निर्माण न होने का खामियाजा स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।

शनिवार सुबह चढ़ेथी के समीप बिजली के पोल से लदा एक ट्राला सड़क पर फंस गया। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क के बाहर उपलब्ध जगह से यातायात सुचारू कराया।

चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही गंगोत्री हाईवे पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। संकरे मार्ग होने से कई जगह दो बड़े वाहनों के एक साथ निकलने में भी दिक्कत हो रही है। यात्रा सीजन में भारी वाहनों के फंसने से आए दिन जाम लग रहा है।

स्थानीय व्यापारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुनील रावत ने कहा कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण जरूरी हो गया है। यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही सामरिक दृष्टि से भी अहम है, क्योंकि यह क्षेत्र चीन सीमा से जुड़ा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बड़ेथी से आगे सड़क को ऑलवेदर मानकों के अनुरूप विकसित करने और संकरे हिस्सों के चौड़ीकरण की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *