Uttarakhand: चारधाम यात्रा सुगम बनाने को धामी सरकार का फोकस, 4 साल में 63 पार्किंग में 4202 वाहनों की क्षमता विकसित

 

 

 

देहरादून। प्रदेश में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की साल दर साल बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रदेश सरकार आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में जुट गई है। ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने और चारधाम यात्रा को और सुगम बनाने के लिए युद्धस्तर पर काम हो रहा है।

 

आवास विभाग उत्तराखण्ड पार्किंग सुविधाओं के विकास में जुटा है। चार वर्षों में आवास विभाग ने 63 पार्किंग परियोजनाओं के तहत 4202 वाहनों की क्षमता की पार्किंग का निर्माण कराया है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पर्यटक सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के दिशानिर्देश पर आवास विभाग पर्वतीय जनपदों के प्रमुख शहरों, तीर्थ स्थलों और पर्यटन केंद्रों में पार्किंग नेटवर्क के विस्तार में जुटा है।

 

*एक नजर में पार्किंग क्षमता -*

अल्मोड़ा – 1087, नैनीताल – 679, चंपावत – 600, उत्तरकाशी – 477, पिथौरागढ़ – 309, रुद्रप्रयाग – 304, पौड़ी – 256, चमोली – 201, टिहरी – 163, बागेश्वर – 126 वाहन।

 

*नैनीताल और कैंची धाम में बड़ी राहत*

मुख्यमंत्री की पहल पर सरोवर नगरी नैनीताल में मेट्रोपोल होटल परिसर में लगभग 700 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। वहीं सुप्रसिद्ध कैंची धाम में 500 से अधिक वाहनों की बहुमंजिला पार्किंग बनाई जा रही है।

 

आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि पर्वतीय जनपदों में 63 पार्किंग परियोजनाओं के पूर्ण होने से पार्किंग की समस्या काफी हद तक हल हो गई है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *