देवप्रयाग के पास बोलेरो गहरी खाई में गिरी, पांच लोगों की मौत, एक घायल और एक लापता

 

देवप्रयाग। पौड़ी जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में डंपिंग जोन के समीप शुक्रवार को एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में वाहन सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर घायल हो गया। एक अन्य व्यक्ति की तलाश के लिए एसडीआरएफ का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है।

 

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट श्रीनगर की टीम निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाए गए अभियान के दौरान पता चला कि बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे।

 

घटना में घायल 16 वर्षीय अरम पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर (हरिद्वार), को स्थानीय लोगों ने पहले ही खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया था।

 

एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान के दौरान पांच शव बरामद किए। मृतकों की पहचान अफजाल (49), गुफरान (34), सब्बू (40), अनामिया (3) और शादाब (14) के रूप में हुई है।

 

हादसे में एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है। एसडीआरएफ की टीम स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर उसकी तलाश में सघन सर्च अभियान चला रही है।

 

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *