उत्तरकाशी। जनपद में कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से जारी है। यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र लगातार कांवड़ यात्रियों और वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रख रहा है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार 6 अगस्त को यमुनोत्री, गंगोत्री और गोमुख के लिए कुल 8,719 श्रद्धालुओं ने यात्रा की। इनमें यमुनोत्री धाम में 836, गंगोत्री धाम में 7,735 और गोमुख में 148 श्रद्धालु पहुंचे।
वहीं 30 जुलाई से 6 अगस्त तक जनपद में कुल 35,189 कांवड़ यात्री एवं श्रद्धालुओं का आगमन दर्ज किया गया। इनमें 33,783 पुरुष, 1,169 महिलाएं और 238 बच्चे शामिल हैं।
यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही भी लगातार बढ़ रही है। 6 अगस्त को कुल 2,006 वाहन यात्रा मार्ग से गुजरे, जिनमें 115 बड़े वाहन, 256 छोटे वाहन और 1,635 दुपहिया वाहन शामिल रहे। जबकि 30 जुलाई से अब तक कुल 8,412 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई है। इनमें 433 बड़े वाहन, 1,285 छोटे वाहन और 6,694 दुपहिया वाहन शामिल हैं। गंगोत्री धाम के लिए श्रद्धालुओं और दुपहिया वाहनों की संख्या सबसे अधिक रही।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी संबंधित विभागों को यात्रा के दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान यातायात नियमों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चौबीसों घंटे सक्रिय है।
