नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने शुक्रवार को नई टिहरी और चंबा नगर पालिका के मोकरी स्थित कूड़ा डंपिंग जोन का स्थलीय निरीक्षण कर कूड़ा निस्तारण एवं अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डंपिंग जोन में संचालित वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डंपिंग जोन से सड़क तक फैले कूड़े पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ा पृथक्करण के लिए संबंधित कंपनी के साथ हुए अनुबंध की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डंपिंग जोन की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर बाउंड्री वॉल निर्माण का विस्तृत प्राक्कलन (इस्टीमेट) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए डंपिंग जोन का सुव्यवस्थित संचालन बेहद जरूरी है। कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया वैज्ञानिक और निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बना रहे और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जिला खान अधिकारी रवि नेगी, अधिशासी अधिकारी (ईओ) वासुदेव डंगवाल, एडीवी प्रोजेक्ट मैनेजर अमित रुसिया सहित नगर पालिका एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
