स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट नई टिहरी का 11वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

 टिहरी। स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड एप्लाइड न्यूट्रीशन, नई टिहरी का 11वां स्थापना दिवस उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र है, जिसमें करियर की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को इस क्षेत्र में मनोयोग से प्रशिक्षण लेकर अपने भविष्य को दिशा देनी चाहिए।

स्थापना दिवस पर छात्रों ने जहां रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं अपनी पाक कला का भी शानदार प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने कबाना मशरूम, रशियन सलाद और दाल बुखारा जैसे स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर सबका दिल जीत लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को इस अवसर पर सम्मानित भी किया गया।

जिला पर्यटन अधिकारी एस.एस. राणा ने कहा कि संस्थान उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (यूटीडीबी) के तहत होटल इंडस्ट्री के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने का कार्य कर रहा है। वहीं, कोषाधिकारी अंजली भारती और सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव ने स्वरोजगार के अवसरों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के भी व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

वरिष्ठ प्राध्यापक प्रदीप नेगी ने बताया कि संस्थान को एआईसीटीई से 60 स्नातक सीटों की अनुमति मिली है। इसके अलावा यहां पर स्नातकोत्तर और शोध कार्य की भी मान्यता प्राप्त है। संस्थान से पासआउट छात्र आज देश-विदेश की प्रतिष्ठित होटल चेन में कार्यरत हैं, जो इसकी गुणवत्ता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *