देहरादून। भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई) के सभागार में एफआरआई लेडीज़ क्लब द्वारा हरियाली तीज के उपलक्ष्य में “राजसी राजस्थान” थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईसीएफआरई की महानिदेशक कंचन देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर एफआरआई की निदेशक एवं एफआरआई लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा ऋचा मिश्रा, आईसीएफआरई के उप महानिदेशक (अनुसंधान) की धर्मपत्नी पूजा गिनवाल तथा निदेशक (अंतर्राष्ट्रीय) आरती चौधरी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में महानिदेशक कंचन देवी ने हरियाली तीज के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने एफआरआई लेडीज़ क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी सदस्याओं को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में सदस्याओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। “राजसी राजस्थान” थीम पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक वैभव का आकर्षक वातावरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही, जिसमें डॉ. शालिनी राणा को तीज क्वीन चुना गया। डॉ. मनीषा बाजपेयी प्रथम रनर-अप तथा मेनका मीणा द्वितीय रनर-अप रहीं।
कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक सचिव रश्मि वार्ष्णेय एवं कोषाध्यक्ष मेवादा थामौंग ने किया। सचिव प्रियंका सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि सचिव अनुष्का डांडा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के प्रभावी समन्वय में सांस्कृतिक सचिव रागिनी सहित क्लब की समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्याओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।
