हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा आयोजित शिव कथा में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने सहज ज्योति पूजन में सम्मिलित होकर 108 थाली ज्योति प्रज्ज्वलित की और प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा से इस पुण्य अवसर में सम्मिलित होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने दिव्य ज्योति जागृति संस्थान और संस्थापक परम पूज्य आशुतोष महाराज जी को नमन किया और संस्था द्वारा समाज में नकारात्मक सोच को सकारात्मक दिशा में बदलने के कार्य की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कुमाऊँ क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपराओं और शिव भक्ति की जीवंतता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने मानसखंड मंदिर माला मिशन कॉरिडोर, यमुना तीर्थ पुनरुद्धार, गंगा और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये प्रयास उत्तराखंड को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय आध्यात्मिक मानचित्र पर स्थापित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज, स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन जैसी पहलों का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक संतुलन और मूल स्वरूप की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प की पुष्टि की।
