1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ 2026, न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक दिखेगा खिलाड़ियों का दम

 

देहरादून। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से ‘खेल महाकुंभ 2026–मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ का आयोजन 1 सितंबर से शुरू होगा। प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने वर्चुअल बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

SJVN

विज्ञापन

 

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने खेल महाकुंभ का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पिछले वर्षों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया।

 

बैठक में बताया गया कि 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर, 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर और 1 अक्टूबर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा लेंगे।

 

खिलाड़ी क्यूआर कोड और ‘खेलोयूके’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। इसके अलावा पंचायत भवन, शिक्षण संस्थानों, नगर निकायों, ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालयों में ऑफलाइन आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।

 

खेल महाकुंभ में खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, तीरंदाजी, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस और शतरंज सहित कई खेल शामिल किए गए हैं।

 

जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर विजेताओं को प्रमाण-पत्र, पदक और नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ में प्रतिभागियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2025-26 में 53,550 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। वहीं पिछले वर्ष देहरादून ने 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य सहित कुल 318 पदक जीतकर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *