Your Website Description

उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे गृह मंत्री अमित शाह, 6 नवंबर को परेड ग्राउंड में होगा भव्य आयोजन

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 6 नवंबर को राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को संबोधित करेंगे।

मुख्य सचिव ने परेड ग्राउंड का किया निरीक्षण

समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंगलवार को मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा तय की और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि स्थापना दिवस समारोह में महिलाओं, किसानों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों और श्रमिकों सहित समाज के सभी वर्गों की सक्रिय एवं व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आयोजन प्रदेश की सामूहिक उपलब्धियों और विकास यात्रा का प्रतीक बन सके।

सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को देखते हुए मुख्य सचिव ने सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य पंडाल, अतिथियों की बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पार्किंग प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समारोह में आने वाले अतिथियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिव विनय शंकर पांडेय, सूचना सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *