Your Website Description

डॉ. धन सिंह रावत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित, उत्तराखंड को पहली बार मिला प्रतिनिधित्व

 

देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. धन सिंह रावत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड को पहली बार इस महत्वपूर्ण पद पर नेतृत्व का अवसर मिला है। इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। डॉ. रावत का निर्वाचन उनके संगठनात्मक अनुभव, कार्यशैली और स्काउट-गाइड आंदोलन में सक्रिय योगदान का परिणाम माना जा रहा है। उन्हें यह जिम्मेदारी नॉर्दर्न रीजन से मिली है, जिसमें आठ राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।

इसके साथ ही केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति, नॉर्दर्न रेलवे, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे का भी इस परिक्षेत्र में प्रतिनिधित्व है। नॉर्दर्न रीजन से डॉ. रावत का निर्विरोध निर्वाचन राष्ट्रीय संगठन में उत्तराखंड की मजबूत उपस्थिति को दर्शाता है।

उत्तराखंड में स्काउट-गाइड आंदोलन को किया मजबूत

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष के रूप में डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश में स्काउट-गाइड आंदोलन को व्यापक स्तर पर सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उनके प्रयासों से राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार, नई इकाइयों की स्थापना और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को प्रोत्साहन मिला है।

उन्होंने स्काउट-गाइड के माध्यम से साहसिक गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों और युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता तथा जिम्मेदार नागरिकता विकसित करने पर विशेष जोर दिया है।

इन्हीं उल्लेखनीय योगदानों के लिए डॉ. रावत को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘सिल्वर एलीफेंट अवार्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।

राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड को मिलेगी नई पहचान

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में डॉ. धन सिंह रावत का निर्वाचन प्रदेश के स्काउट-गाइड आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे संगठन के विस्तार, युवाओं की अधिक भागीदारी और स्काउटिंग गतिविधियों को मजबूत बनाने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

प्रदेशवासियों को समर्पित है उपलब्धि : डॉ. धन सिंह रावत

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर नॉर्दर्न रीजन से निर्विरोध निर्वाचित होना उनके लिए गौरव और जिम्मेदारी का विषय है। यह उपलब्धि उत्तराखंड के स्काउट-गाइड परिवार और प्रदेशवासियों को समर्पित है।

उन्होंने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में अनुशासन, एकता, सेवा भावना और देशभक्ति विकसित करने का सशक्त मंच है। स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार और इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *