Your Website Description

लक्सर में ओमप्रकाश जमदग्नि के समर्थन में उमड़ा किसानों का हुजूम, 35 से अधिक गांवों के किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली

लक्सर। लक्सर विधानसभा क्षेत्र में उत्तराखंड सरकार के दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि के नेतृत्व में भव्य ट्रैक्टर रैली निकाली गई। गांव निरंजनपुर से गांव फतवा तक निकली कई किलोमीटर लंबी रैली में 35 से अधिक गांवों के सैकड़ों किसानों और समर्थकों ने अपने ट्रैक्टरों के साथ भाग लिया। रैली का क्षेत्रवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। रैली के दौरान भाजपा के झंडों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक नजर आए। इस दौरान समर्थकों ने ओमप्रकाश जमदग्नि को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का भावी प्रत्याशी बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उन्हें पार्टी का टिकट देने की मांग उठाई।

‘किसानों के सम्मान में उत्तराखंड सरकार मैदान में’

रैली को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों का सम्मान और उनके हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने किसानों के समर्थन में नारा देते हुए कहा, “किसानों के सम्मान में भाजपा मैदान में” की जगह अब वह “किसानों के सम्मान में उत्तराखंड सरकार मैदान में” का संदेश देना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए वह व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात करेंगे तथा समस्याओं के निराकरण का हरसंभव प्रयास करेंगे।

राज्यमंत्री ने रैली में पहुंचे किसानों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

2027 के चुनाव को लेकर लक्सर में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

ट्रैक्टर रैली के दौरान समर्थकों की ओर से ओमप्रकाश जमदग्नि को आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की मांग ने लक्सर की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

भाजपा में लक्सर विधानसभा सीट से टिकट के संभावित दावेदारों में पूर्व विधायक संजय गुप्ता, डॉ. विजय सैनी और वरिष्ठ नेता सचिन अग्रवाल के नाम भी चर्चा में हैं। ऐसे में ओमप्रकाश जमदग्नि के समर्थन में निकली इस रैली को क्षेत्र में उनकी राजनीतिक सक्रियता और जनसमर्थन के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

हालांकि, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा, इसका अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है।

बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद

रैली में भागमल, कृष्णपाल, दीपक सैनी, संदीप चौहान, तेजपाल चौहान, अंकित बीडीसी, रवि देवल, शिवाय गुप्ता, तरुण तोमर, सतीश सैठपुर, राघव, ऋषभ मित्तल, मनीष सैनी और भानु सैनी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान, कार्यकर्ता, समर्थक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

लक्सर में इस रैली के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व 2027 के चुनाव में लक्सर सीट से किस उम्मीदवार पर भरोसा जताता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *