भराड़ीसैण में कांग्रेस का विधानसभा घेराव, बैरियर तोड़ आगे बढ़े कार्यकर्ता; पुलिस ने वॉटर कैनन से रोका

भराड़ीसैण/चमोली: भराड़ीसैण में चल रहे विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने विभिन्न जन मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित कई मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया।

मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।

गढ़वाल क्षेत्र की ओर से जंगलचट्टी और कुमाऊं क्षेत्र की ओर से कालीमाटी से कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में विधानसभा की ओर बढ़े। दोनों ओर से आए कार्यकर्ताओं की भीड़ दीवालीखाल में एकत्रित हुई, जहां पुलिस प्रशासन ने विधानसभा मार्ग पर चार बैरियर लगाकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। भारी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाला मार्ग भी प्रभावित रहा।

प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पहले बैरियर पर काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। कई कार्यकर्ता बैरियर फांदकर आगे निकलने में सफल भी हो गए, जिससे पुलिस को स्थिति संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि दूसरे बैरियर पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया और दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनातनी का माहौल बना रहा।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन से पानी की बौछार की। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे। हालांकि अंततः पुलिस ने उन्हें विधानसभा की ओर बढ़ने से रोक दिया।

इस दौरान चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मौके पर मौजूद रहकर पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे। प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी भी मौके पर तैनात रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जन मुद्दों को लेकर अपना संकल्प दिखाया है और पार्टी आगे भी जनता के सवालों को लेकर संघर्ष करती रहेगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान है और आने वाले समय में प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *