देहरादून। उत्तराखंड में बैंकिंग अवसंरचना, करेंसी चेस्ट तथा नकदी के सुरक्षित परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति (SLSC) की 21वीं बैठक शुक्रवार को सचिवालय, देहरादून में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सचिव गृह शैलेश बगौली ने की। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), कानपुर द्वारा आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य प्रशासन, कानून-प्रवर्तन एजेंसियों, करेंसी चेस्ट संचालित करने वाले बैंकों तथा राज्य में व्यापक शाखा नेटवर्क वाले अन्य बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। RBI कानपुर, देहरादून और केंद्रीय कार्यालय, मुंबई के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में बैंकिंग संस्थानों के समक्ष मौजूद सुरक्षा चुनौतियों, करेंसी चेस्ट की सुरक्षा, जाली भारतीय मुद्रा नोटों से जुड़े मामलों तथा नकदी के सुरक्षित आवागमन के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बैंकिंग अवसंरचना और नकदी प्रबंधन से जुड़े प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर भी जोर दिया।
बैठक में यह रेखांकित किया गया कि राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति बैंकों, सुरक्षा सेवा प्रदाताओं और सेवाओं के उपयोगकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से बैंकिंग सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पक्षों के बीच बेहतर तालमेल और प्रभावी सहयोग सुनिश्चित किया जा सकता है।
सभी हितधारकों ने बैंकिंग अवसंरचना, करेंसी चेस्ट और नकदी परिवहन से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए निरंतर समन्वय, सूचना साझाकरण और आपसी सहयोग को आवश्यक बताया।
