देहरादून में मतदाता सूची की सुपर चेकिंग, डीएम आशीष चौहान ने 22-मसूरी सीट पर किया सत्यापन

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद देहरादून में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए सुपर चेकिंग का कार्य जारी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को 22-मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सुपर चेकिंग के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों का निरीक्षण एवं सत्यापन किया।  निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त नए मतदाता पंजीकरण संबंधी आवेदनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

एक आवेदन प्रक्रियाधीन, दूसरा जांच के बाद निरस्त

सुपर चेकिंग के दौरान 22-मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अभिषेक कुमार, निवासी 237/2 इन्द्र कॉलोनी, नेशविला रोड, देहरादून द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से प्रस्तुत आवेदन प्रक्रियाधीन पाया गया।

SJVN

विज्ञापन

वहीं, इसी विधानसभा क्षेत्र की सोनिया, निवासी न्यू खाला गांव, मसूरी रोड, देहरादून द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से प्रस्तुत आवेदन जांच के बाद निरस्त पाया गया। संबंधित आवेदक को आवेदन में पाई गई कमी की जानकारी दी गई। साथ ही आवश्यक अभिलेख संलग्न कर पुनः फॉर्म-6 भरवाने के लिए संबंधित बीएलओ को निर्देशित किया गया।

पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे: डीएम

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त प्रत्येक दावा एवं आपत्ति की निष्पक्षता और गहनता से जांच की जाए।

उन्होंने कहा कि सुपर चेकिंग का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के साथ यह भी सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने से वंचित न रहे।

बीएलओ और सुपरवाइजरों को पारदर्शिता से काम करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आवेदनों की जांच के दौरान आवश्यक अभिलेखों और निर्धारित प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पात्र आवेदकों को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। इसका उद्देश्य आगामी निर्वाचन के लिए शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है।

निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *