सेवा पखवाड़ा: सतपाल महाराज का एकेश्वर में तूफानी दौरा, 75 लाख रुपये की विकास योजनाओं की दी सौगात

एकेश्वर (पौड़ी)। प्रदेश सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने रविवार को एकेश्वर विकासखंड का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया, जनसमस्याएं सुनीं और क्षेत्र को करीब 75 लाख रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी।

अपने विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दूसरे दिन सतपाल महाराज ने मज्याड़ी, अमुली ग्वाडमल्ला और पणखेत सहित विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, सशक्त मंडल एवं सशक्त संगठन की बैठकों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है।

दौरे के दौरान उन्होंने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित 1.8 किलोमीटर लंबी मज्याड़ी-गोची गांव-पिलखेत मोटर मार्ग (द्वितीय चरण, स्टेज-सी) का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 20 लाख रुपये की लागत से एकेश्वर विकासखंड मुख्यालय में बनने वाले टाइप-2 भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।

सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतपुली और स्यूंसी झील जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इसके अलावा सड़क निर्माण और पंचायत भवनों के निर्माण कार्य भी लगातार जारी हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत हो रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *